Tuesday, October 5, 2010

गुनगुनी होने लगी है


गुनगुनी
होने लगी है
दपदपाती धूप अब तो
क्वाँर की दहलीज पर
धर पाँव!

नवविवाहित
युगल - जैसी
मुदित है हर भोर अब तो
हो रहा मधुमास
पूरा गाँव!

है बुलाती
पास अपने
सरसती वातासि अब तो
धानवाले खेत नंगे पाँव!

सोच
परदेसी पिया का
गाल पर धर हाथ अब तो
करे सजनी बैठ
पीपल छाँव!

झूठ-से
लगते उसे हैं
सगुन के सब काज अब तो
झूठ-सी ही भोर की
अब काँव!

No comments:

Post a Comment